आगामी बारावफात त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जोधपुर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने और जुलूस मार्ग का जायजा लेने के लिए पुलिस कमिश्नर अंशुमन भोमिया के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों और भारी पुलिस जाप्ते के साथ शहर में व्यापक रूट मार्च निकाला गया।
पुलिस कमिश्नर के नेतृत्व में निकला रूट मार्च

रूट मार्च की शुरुआत जोधपुर पुलिस कमिश्नर कार्यालय से हुई। पुलिस टीम उम्मेद स्टेडियम, भीतरी शहर के विभिन्न तंग रास्तों और घंटाघर होते हुए जालोरी गेट स्थित ईदगाह पहुंची, जहां रूट मार्च का समापन हुआ।
इस दौरान पुलिस कमिश्नर अंशुमन भोमिया ने जुलूस मार्ग का बारीकी से निरीक्षण किया और अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने आमजन से बारावफात का त्योहार शांति, आपसी सद्भाव और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की।
संवेदनशील स्थानों का किया गया निरीक्षण
रूट मार्च के दौरान पुलिस कमिश्नर ने जुलूस मार्ग में आने वाले संवेदनशील पॉइंट्स पर रुककर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक डायवर्जन और बैरिकेडिंग वाले स्थानों को चिन्हित किया गया।
अधिकारियों के साथ मौके पर ही सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक प्लानिंग की गई, ताकि बारावफात जुलूस के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो और आमजन को भी आवागमन में कम से कम परेशानी का सामना करना पड़े।
पर्याप्त पुलिस जाप्ता रहेगा तैनात

पुलिस कमिश्नर अंशुमन भोमिया ने बताया कि उम्मेद स्टेडियम से जालोरी गेट ईदगाह तक निकलने वाले बारावफात जुलूस के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। जुलूस मार्ग पर पर्याप्त संख्या में पुलिस जवानों की तैनाती रहेगी।
उन्होंने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि त्योहार को शांति, सद्भाव और भाईचारे के साथ मनाएं और पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।
ये पुलिस अधिकारी रहे मौजूद
रूट मार्च के दौरान पुलिस कमिश्नर अंशुमन भोमिया के साथ डीसीपी वेस्ट कमल शेखावत, डीसीपी ईस्ट मनीष चौधरी, डीसीपी मुख्यालय शाइन सी, एडीसीपी ट्रैफिक शालिनी राज और एडिशनल एसपी प्रवीण कुमार सहित विभिन्न थानों के अधिकारी और पुलिस जवान मौजूद रहे।










