जोधपुर। मध्यप्रदेश के राजगढ़ से रामदेवरा दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-ट्रॉली आगोलाई के पास हादसे का शिकार होकर पलट गई। हादसे में कई श्रद्धालु घायल हो गए, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए जोधपुर लाया गया। घायलों को मथुरादास माथुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे की सूचना मिलते ही अस्पताल पहुंचे शेखावत

हादसे की जानकारी मिलते ही केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत देर रात करीब 1 बजे मथुरादास माथुर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने अस्पताल में भर्ती घायल श्रद्धालुओं से मुलाकात कर उनकी कुशलक्षेम पूछी और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।
शेखावत ने घायलों और उनके परिजनों से बातचीत कर इलाज से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली।
अस्पताल निदेशक से लिया स्वास्थ्य का फीडबैक
केंद्रीय मंत्री ने अस्पताल के निदेशक डॉ. विकास राजपुरोहित से घायलों के स्वास्थ्य को लेकर विस्तृत फीडबैक लिया। उन्होंने चिकित्सकों से घायलों को दिए जा रहे उपचार और उनकी स्थिति की जानकारी प्राप्त की।
शेखावत ने अस्पताल प्रशासन को घायलों के इलाज में किसी तरह की कमी नहीं रहने देने और पुख्ता चिकित्सा व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
रामदेवरा दर्शन के लिए निकले थे श्रद्धालु
बताया गया है कि श्रद्धालु मध्यप्रदेश के राजगढ़ से रामदेवरा की यात्रा पर निकले थे। आगोलाई के निकट ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से हादसा हुआ। दुर्घटना के बाद घायलों को तत्काल जोधपुर लाकर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
हादसे के बाद घायलों के उपचार को लेकर प्रशासन और अस्पताल स्तर पर आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं।









