पाली/सोजत (राजस्थान)। आचार संहिता लागू होने के बाद नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध डोडा पोस्त की खेप बरामद की है। शिवपुरा थाना पुलिस ने 1297.230 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त जब्त कर एक वाहन को भी कब्जे में लिया है।
जानकारी के अनुसार, शिवपुरा थाना क्षेत्र में भाटों की ढाणी के पास नाकाबंदी की गई थी। इसी दौरान एक डाक पार्सल वाहन को देखकर पुलिस टीम ने उसे रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही वाहन चालक गाड़ी को झाड़ियों में छोड़कर मौके से फरार हो गया।
पुलिस टीम ने वाहन की तलाशी ली तो उसमें भारी मात्रा में अवैध डोडा पोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने मादक पदार्थ और वाहन को जब्त कर मामला दर्ज कर लिया है। फरार चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मोनिका सैन के निर्देश और शिवपुरा थानाधिकारी दाऊद खान के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में ASI मोहनलाल, ASI किशनलाल सहित पुलिस टीम के जवान शामिल रहे।
पुलिस के अनुसार, आचार संहिता के दौरान अवैध गतिविधियों और नशे की तस्करी पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा।










