टोंक नशा मुक्त टोंक अभियान: नशे के कारोबार पर पुलिस का अब तक का सबसे बड़ा प्रहार एंकर…टोंक नशा मुक्त टोंक अभियान के तहत टोंक पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक साथ पांच स्थानों पर दबिश दी। पुलिस अधीक्षक रोशन मीणा के निर्देशन में DST टीम, कोतवाली थाना, पुरानी टोंक थाना, सदर थाना एवं महिला शक्ति टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई को अंजाम दिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने करीब 2 लाख रुपए की बाजार कीमत की 10.50 ग्राम स्मैक, ट्रोमाडोल के 150 इंजेक्शन व 144 टैबलेट, एल्प्राजोलम की 2040 टैबलेट, एविल के 22 इंजेक्शन तथा 800 सिरिंज जब्त की हैं।

पुलिस के अनुसार ट्रोमाडोल, एल्प्राजोलम और एविल जैसी दवाओं एवं इंजेक्शन का नशे के रूप में अवैध इस्तेमाल किया जा रहा था। बिना चिकित्सकीय सलाह के नशीले इंजेक्शन एवं दवाओं की बिक्री को लेकर भी पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। टोंक शहर में नशे के रूप में इस्तेमाल की जा रही प्रतिबंधित एवं दुरुपयोग वाली दवाओं की अवैध बिक्री के खिलाफ DST टीम की इस कार्रवाई को बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। मामले में NDPS एक्ट के तहत 4 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि टोंक शहर में फैल रहे नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस की इस कार्रवाई से नशे के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।











