जोधपुर, 6 सितंबर 2026। नगर निगम चुनाव-2026 में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में चुनाव प्रचार के लिए जोधपुर पहुंचे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोधपुर एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री के नेतृत्व में भीतरी शहर में रोड शो निकाला गया। जालोरी गेट से शुरू हुआ रोड शो प्रमुख बाजारों से होते हुए घंटाघर पहुंचा। इस दौरान जगह-जगह भाजपा कार्यकर्ताओं, व्यापारियों और आमजन ने पुष्पवर्षा कर मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया।
जोधपुर एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के जोधपुर एयरपोर्ट पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। भाजपा जिलाध्यक्ष राजेन्द्र पालीवाल और देहात जिलाध्यक्ष त्रिभुवन सिंह भाटी की अगुवाई में जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पुष्पगुच्छ भेंट कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
कार्यकर्ताओं ने नारे लगाकर और पुष्पवर्षा कर मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया।
जालोरी गेट से घंटाघर तक निकला रोड शो
एयरपोर्ट से रवाना होने के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में भीतरी शहर में भाजपा का भव्य रोड शो आयोजित किया गया। रोड शो जालोरी गेट से शुरू होकर आड़ा बाजार, सर्राफा बाजार, कपड़ा बाजार और कटला बाजार होते हुए घंटाघर पहुंचा।
रोड शो के दौरान पूरे मार्ग पर भाजपा कार्यकर्ताओं और आमजन की भीड़ दिखाई दी। जगह-जगह लोगों ने मुख्यमंत्री पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया।
व्यापारियों और आमजन ने किया अभिनंदन

रोड शो के दौरान भीतरी शहर के प्रमुख बाजारों में व्यापारियों और आमजन ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का उत्साह के साथ स्वागत किया। लोगों ने पुष्पवर्षा की और मुंह मीठा करवाकर अभिनंदन किया। कई स्थानों पर मुख्यमंत्री को साफा पहनाकर भी स्वागत किया गया।
विशेष रूप से सजाए गए रथ पर सवार मुख्यमंत्री का लोगों ने आत्मीयता के साथ अभिवादन किया। बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता पैदल रोड शो में शामिल हुए।
कई भाजपा नेता और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
मुख्यमंत्री के रोड शो में केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, कैबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल, संभाग चुनाव प्रभारी ओंकार सिंह लखावत, संभाग प्रभारी भूपेन्द्र सैनी, जोधपुर चुनाव प्रभारी नारायण सिंह देवल, जिला प्रभारी रविन्द्र सिंह बालावत, पर्यवेक्षक किशोर सिंह कनोड़, पूर्व राज्यसभा सांसद एवं सूरसागर विधायक देवेन्द्र जोशी, शहर विधायक अतुल भंसाली, जिलाध्यक्ष राजेन्द्र पालीवाल, देहात जिलाध्यक्ष त्रिभुवन सिंह भाटी और प्रो. डॉ. महेन्द्र सिंह राठौड़ सहित कई जनप्रतिनिधि और भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए।
नगर निगम चुनाव में भाजपा के लिए मांगा समर्थन

मुख्यमंत्री के जोधपुर दौरे को नगर निगम चुनाव-2026 के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। रोड शो के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में माहौल बनाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके जोधपुर प्रवास के दौरान आमजन और कार्यकर्ताओं में दिखाई दिया उत्साह भाजपा के प्रति जनता के विश्वास को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि नगर निगम चुनाव में भाजपा कार्यकर्ता पूरी एकजुटता और समर्पण के साथ पार्टी प्रत्याशियों की जीत के लिए काम कर रहे हैं।
रवाना होते समय भी किया आत्मीय स्वागत
जोधपुर प्रवास पूरा होने के बाद जब मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एयरपोर्ट से रवाना हुए, तब भी भाजपा के जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका आत्मीय स्वागत और अभिनंदन किया।
इस दौरान भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, पार्टी प्रत्याशी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।









